home page

बीएसएफ ने कालिंदी सीमा पर चार संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा

 | 

उत्तर 24 परगना, 07 जुलाई (हि. स.)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बांग्लादेशी होने के संदेह में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कालिंदी नदी पार कर अवैध रूप से बांग्लादेश जाने की कोशिश के दौरान बीएसएफ के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।

बीएसएफ के सूत्रों के अनुसार, चारों महिलाएं अवैध रूप से सीमा पार करने के उद्देश्य से कालिंदी नदी पार कर रही थीं। इसी दौरान सीमा पर तैनात झिंगा कैंप की 77वीं बटालियन के बीएसएफ जवानों की नजर उन पर पड़ी। जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान महिलाएं अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

बीएसएफ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चारों महिलाओं के बांग्लादेशी नागरिक होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल उन्हें बीएसएफ कैंप में रखकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वे कहां से आई थीं तथा इस अवैध सीमा पार करने के प्रयास के पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह या अन्य नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।पूछताछ पूरी होने के बाद चारों महिलाओं को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय थाने की पुलिस के हवाले किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता