बिधाननगर वार्ड कार्यालय में आपत्तिजनक सामान मिलने पर सियासी विवाद तेज
कोलकाता, 27 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार शाम नया विवाद खड़ा हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के साथ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने बिधाननगर नगर निगम के 35 नंबर वार्ड कार्यालय का दौरा किया। दौरे के दौरान कार्यालय के भीतर बने आलीशान कमरे और वहां कथित रूप से मिले कंडोम पैकेट को लेकर विपक्ष ने गंभीर सवाल उठाए।
बताया गया कि शुक्रवार शाम सुकांतनगर इलाके में भाजपा की एक जनसभा आयोजित की गई थी। आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम के बाद मंत्री शारद्वत मुखर्जी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वार्ड कार्यालय पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि सरकारी दफ्तर के भीतर एक बड़ा कमरा बना हुआ है, जिसमें पांच एयर कंडीशनर लगे हैं। इसके साथ सटा हुआ एक और कमरा मिला, जहां बिस्तर, अलमारी और कई तकिए रखे हुए थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इसी कमरे में महिलाओं के इस्तेमाल की ड्रेसिंग टेबल रखी गई थी। आरोप के मुताबिक, उसी ड्रेसिंग टेबल के दराज से कंडोम का पैकेट भी मिला। इस घटना के बाद भाजपा नेताओं ने कार्यालय के इस्तेमाल और वहां की गतिविधियों पर सवाल खड़े किए।
जानकारी के अनुसार, 35 नंबर वार्ड के पूर्व तृणमूल कांग्रेस पार्षद जयदेव नस्कर पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं और फिलहाल वहां प्रशासक की देखरेख में कामकाज चल रहा है। भाजपा नेताओं ने पूरे मामले के लिए पूर्व पार्षद की भूमिका पर निशाना साधा।
मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने मौके पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी चीजें देखना भी पाप है। उन्होंने कहा कि वार्ड कार्यालय को गंगाजल से शुद्ध करने के बाद ही वहां सरकारी कामकाज शुरू किया जाना चाहिए।
हालांकि इस पूरे विवाद पर अभी तक तृणमूल कांग्रेस या पूर्व पार्षद जयदेव नस्कर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

