home page

बागडोगरा एयरपोर्ट पर 15 जून को ‘यात्री सुविधा दिवस’

 | 
बागडोगरा एयरपोर्ट पर 15 जून को ‘यात्री सुविधा दिवस’


सिलीगुड़ी, 13 जून (हि. स.)। केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट पर 15 जून को ‘यात्री सुविधा दिवस’ मनाने की घोषणा की गई है।शनिवार को बागडोगरा एयरपोर्ट के निदेशक नावेद नाजिम ने एक पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी।

निदेशक नावेद नाजिम ने बताया कि इस दिन यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों के लिए कई उपयोगी और जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह एयरपोर्ट न केवल यातायात बल्कि रणनीतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2014 में जहां लगभग 400 विमान सेवाएं संचालित होती थी, अब यह संख्या बढ़कर करीब 860 तक पहुंच गई है। इसके साथ ही यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

नावेद नाजिम ने बताया कि एयरपोर्ट पर आधुनिक लैंडिंग सिस्टम समेत कई अत्याधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है, जिससे विमान संचालन अधिक सुरक्षित और यात्री सेवाएं अधिक सुगम हो गई है।‘ यात्री सुविधा दिवस’ के तहत यात्रियों के लिए स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रगान और वंदे मातरम् के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।

एयरपोर्ट टैक्सी चालकों के लिए नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा तथा सफाईकर्मियों और अन्य कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

निदेशक ने यह भी बताया कि बागडोगरा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विमान सेवाओं की संख्या में और वृद्धि होगी। इससे यात्रियों को अधिक आधुनिक और सुविधाजनक सुविधाएं मिलेंगी तथा उत्तर बंगाल की कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार