home page

बंगाल में 10 लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य : पूर्णेंदु चटर्जी

 | 
बंगाल में 10 लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य : पूर्णेंदु चटर्जी


मेदिनीपुर, 14 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के औद्योगिक शहर हल्दिया में बुधवार को नए फिनोल और एसीटोन संयंत्र का मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर चटर्जी ग्रुप के प्रमुख पूर्णेंदु चटर्जी ने घोषणा की कि उनकी कंपनी का लक्ष्य विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से भविष्य में 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा करना है। उन्होंने कहा कि बंगाल में एक समृद्ध राज्य बनने की पूरी क्षमता है और इस संभावना का उपयोग कर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन किया जा सकता है।

पूर्णेंदु चटर्जी ने राज्य में औद्योगिक विकास को लेकर आशा व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री की उपस्थिति में राज्य सरकार के सामने एक विशेष कोष बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक बंगाल को औद्योगिक क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए अभी से एक प्रमुख पूंजी कोष की व्यवस्था की जानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पूर्णेंदु चटर्जी ने हल्दिया में उद्योग स्थापित करने के शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 33 वर्ष पहले जब मैं यहां आया था, तब हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स का एक बोर्ड लगा हुआ था और आसपास कुछ गायें चर रही थीं। उन्होंने कहा कि आज इस कारखाने का निर्माण अनेक लोगों के समर्पण, प्रयास और अथक परिश्रम का परिणाम है।

उन्होंने बंगाल में उद्योग स्थापित करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु और अपनी मां से मिली प्रेरणा का भी उल्लेख किया। पूर्णेंदु चटर्जी ने बताया कि उस समय ज्योति बसु ने उनसे कहा था, “अगर बंगाली अपने बंगालियों का ध्यान नहीं रखेंगे, तो कौन रखेगा?” वहीं, उनकी मां ने भी उनसे कहा था कि यदि संभव हो तो बंगाल के लिए कुछ करना चाहिए।

चटर्जी ग्रुप के प्रमुख ने स्वीकार किया कि हल्दिया में उद्योग स्थापित करने का तीन दशक का सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों में कंपनी को कई कठिन परिस्थितियों और अग्निपरीक्षाओं से गुजरना पड़ा है। इन चुनौतियों के बीच आगे बढ़ने की प्रेरणा उन्हें स्वामी विवेकानंद के संदेश से मिली। उन्होंने कहा, “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्त होने तक मत रुको।” इसी संदेश को ध्यान में रखकर वह आगे बढ़ते रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सबसे पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने नए कारखाने का निरीक्षण किया और फिनोल तथा एसीटोन संयंत्र के नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया।इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कांथी के पूर्व सांसद शिशिर अधिकारी, स्वपन दासगुप्ता, अर्जुन सिंह, तापस राय और जगन्नाथ चटर्जी सहित कई मंत्री एवं अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे। मेदिनीपुर की सांसद जून मालिया और नंदीग्राम की विधायक हासिरानी रथ भी समारोह में शामिल हुईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता