बंगाल के क्रिकेटर पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, हुगली में मामला दर्ज
हुगली, 20 जून (हि. स.)। बंगाल क्रिकेट टीम रणजी के एक खिलाड़ी पर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। हुगली जिले के मोगरा थाने में एक युवती ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। बुधवार को शिकायत सामने आने के बाद खेल जगत और स्थानीय क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि संबंधित क्रिकेटर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
शिकायतकर्ता युवती भी हुगली जिले की निवासी है और वर्तमान में कर्नाटक में चिकित्सा की पढ़ाई कर रही है। वह अपनी मां के साथ मोगरा थाने पहुंची और क्रिकेटर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
युवती का आरोप है कि पिछले साढ़े तीन वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध था और विवाह करने की बात भी तय हुई थी। उसके अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पहले दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा था। हालांकि उस समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह स्वयं मोगरा थाने पहुंचे। वहां उन्होंने डीएसपी (क्राइम) अभिजीत सिन्हा महापात्र और थाना प्रभारी सौमेन विश्वास के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जिस क्रिकेटर के खिलाफ आरोप लगाया गया है, वह बंगाल रणजी टीम का खिलाड़ी है और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी खेल चुका है। फिलहाल वह जिले में नहीं है और परिवार के साथ राज्य से बाहर समय बिता रहा है।
आरोपों के संबंध में संपर्क किए जाने पर क्रिकेटर ने विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज हुई है तो उसमें लगाए गए आरोप असत्य हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

