home page

फुटबॉल मैच के दौरान दर्शकों के लिए बनाए गए अस्थायी ढांचा गिरने से सात घायल

 | 
फुटबॉल मैच के दौरान दर्शकों के लिए बनाए गए अस्थायी ढांचा गिरने से सात घायल


खड़गपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पिंगला के उत्पाताई इलाके में गुरुवार देर रात नाइट मिनी फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों के बैठने के लिए बनाया गया अस्थायी ढांचा अचानक टूटकर गिर गया। इस घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में दर्शकों के बैठने के लिए आयोजकों की ओर से अस्थायी व्यवस्था की गई थी। मध्यरात्रि में जब मैदान पर मैच चल रहा था, तभी दर्शकों के बैठने के लिए बनाया गया पूरा ढांचा अचानक टूटकर गिर पड़ा। इससे वहां बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल डेबरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के घाटाल संगठनात्मक जिला अध्यक्ष तन्मय दास अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता