प्रीतिलता वाद्देदार की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 24 सितंबर (हि.स.)। स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना प्रीतिलता वाद्देदार के आत्मबलिदान दिवस पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह समाज माध्यम पर पोस्ट कर प्रीतिलता वाद्देदार को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, “स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना प्रीतिलता वाद्देदार के आत्मबलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
प्रीतिलता वाद्देदार का जन्म पांच मई 1911 को चटगांव में हुआ था। उन्होंने ढाका के ईडेन कॉलेज और कोलकाता के बेथुन कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की। बाद में वे सूर्य सेन के नेतृत्व वाले क्रांतिकारी संगठन से जुड़ीं। 23 सितंबर 1932 की रात चटगांव के पहाड़तली यूरोपियन क्लब पर हुए क्रांतिकारी अभियान का नेतृत्व उन्होंने किया था। इस दौरान घायल होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने विष का सेवन किया। 24 सितंबर 1932 को 21 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ।
प्रीतिलता वाद्देदार को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में साहस और बलिदान के लिए स्मरण किया जाता है। भारत सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव संबंधी अभिलेख में भी उन्हें बंगाल के क्रांतिकारी आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला के रूप में दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

