प्रधानमंत्री मोदी के तारकेश्वर कार्यक्रम से पहले पूर्व रेलवे का बड़ा फैसला, सात विशेष ट्रेनों की घोषणा
कोलकाता, 19 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 जून को तारकेश्वर में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए सात विशेष ईएमयू ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है।
पूर्व रेलवे के अनुसार, हावड़ा मंडल के हावड़ा-शेवड़ाफुली-तारकेश्वर-गोघाट खंड पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे का मानना है कि इन अतिरिक्त सेवाओं से संभावित यात्री दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और लोगों को तारकेश्वर पहुंचने में सुविधा होगी।
जारी समय-सारिणी के अनुसार, 03063 हावड़ा-तारकेश्वर ईएमयू स्पेशल सुबह 7:45 बजे हावड़ा से रवाना होकर 9:12 बजे तारकेश्वर पहुंचेगी। वहीं 03066 तारकेश्वर-शेवड़ाफुली ईएमयू स्पेशल सुबह 9:45 बजे तारकेश्वर से चलकर 10:35 बजे शेवड़ाफुली पहुंचेगी। 03065 शेवड़ाफुली-तारकेश्वर ईएमयू स्पेशल सुबह 10:48 बजे शेवड़ाफुली से रवाना होकर 11:45 बजे तारकेश्वर पहुंचेगी।
इसके अलावा 03067 तारकेश्वर-आरामबाग ईएमयू स्पेशल सुबह 7:20 बजे तारकेश्वर से चलकर 8:00 बजे आरामबाग पहुंचेगी, जबकि 03068 आरामबाग-तारकेश्वर ईएमयू स्पेशल सुबह 8:07 बजे आरामबाग से रवाना होकर 8:39 बजे तारकेश्वर पहुंचेगी।
रेलवे ने गोघाट खंड के लिए भी दो विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। 03069 तारकेश्वर-गोघाट ईएमयू स्पेशल सुबह 10:21 बजे तारकेश्वर से रवाना होकर 11:08 बजे गोघाट पहुंचेगी। वहीं 03070 गोघाट-तारकेश्वर ईएमयू स्पेशल सुबह 11:20 बजे गोघाट से चलकर 12:10 बजे तारकेश्वर पहुंचेगी।
पूर्व रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी विशेष ट्रेनें अपने मार्ग के प्रत्येक स्टेशन पर रुकेंगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को भी इन सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही रेलवे ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 37361 हावड़ा-आरामबाग ईएमयू लोकल के मार्ग को एक दिन के लिए गोघाट तक बढ़ाने की घोषणा की है। यह ट्रेन दोपहर 12:20 बजे गोघाट से रवाना होगी और 37362 सेवा के निर्धारित समयानुसार हावड़ा तक संचालित की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विशेष ट्रेनों के संचालन से कार्यक्रम के दौरान सड़क परिवहन पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में मदद मिलेगी तथा यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

