home page

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, श्रीरामपुर में भाजपा का प्रदर्शन एवं कांग्रेस ने उठाए ‘वोट चोरी’ पर सवाल

 | 

हुगली, 28 अक्टूबर (हि. स.)। श्रीरामपुर में बुधवार को कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव देखने को मिला। कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रदेश पर्यवेक्षक मकसूद खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर वोट चोरी और भ्रष्टाचार समेत कई आरोप लगाए। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने खड़गे का बचाव किया। उन्होंने कहा कि खड़गे ने क्या कहा है। कांग्रेस के बड़े बड़े नेताओं को जब गालियां दी जाती हैं तो उस समय मीडिया मौन क्यों रहती है।

दूसरी ओर, श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रिषड़ा संध्या बाजार से महेश जगन्नाथ मंदिर तक रैली निकालकर खड़गे का पुतला दहन किया। श्रीरामपुर सांगठनिक युवा मोर्चा के महासचिव निशु वर्मा ने कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी देते हुए विवादित बयान भी दिया। रैली में श्रीरामपुर संगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष कर्ण हजारा, कोषाध्यक्ष प्रिंस चौबे, सचिव सत्येंद्र सिंह, श्रीरामपुर मंडल चार के भाजपा अध्यक्ष संतोष सिंह, भाजयुमो अध्यक्ष संतोष मंडल, श्रीरामपुर मंडल तीन के अध्यक्ष मनोज मांझी, महासचिव मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता शामिल हुए।

श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह ने खड़गे से आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि खड़गे माफी नहीं मांगने पर भाजपा बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय