पोलबा में सड़क दुर्घटना, तीन की मौत
हुगली, 16 मार्च (हि. स.)। पोलबा थाना अंतर्गत सोनादार मैदान के पास चुचुड़ा-तारकेश्वर रोड पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान योगिता राणा (21), निवासी हरियाणा, ज्योति विश्वास (21), निवासी रानाघाट और शेख हासिब अहमद, निवासी दादपुर के रूप में हुई है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दादपुर से चुचुड़ा लौट रही एक तेज रफ्तार कार सड़क पार कर रहे एक कुत्ते से टकरा गई। जिसके बाद चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया, फिर दूसरी ओर एक पेड़ से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके बोनट से धुआं निकलने लगा। कार में चार लोग सवार थे। इनमें दो युवतियां भी शामिल थीं, जो दादपुर की एक पानशाला में काम करती थीं। घटना के समय कार चला रहे सैयद सागिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें चुचुड़ा स्थित इमामबाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे से पहले सभी लोग गुराप स्थित एक ढाबे में भोजन करने के बाद चुचुड़ा लौट रहे थे। रास्ते में कार तेज रफ्तार से चल रही थी और अचानक सड़क पार कर रहे कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा।
प्रियव्रत बक्सी, डीएसपी (डी एंड टी), हुगली ग्रामीण पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर गश्ती पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि चालक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

