home page

पूर्व मेदिनीपुर में प्रशासनिक फेरबदल, नंदीग्राम के दोनों बीडीओ का तबादला

 | 

कोलकाता, 14 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। नंदीग्राम-एक और नंदीग्राम-दो के प्रखंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) का तबादला कर उन्हें क्रमशः हल्दिया और कांथी नगरपालिका में कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य सचिवालय नवान्न की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई।

राज्य के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से जारी आदेश में कुल सात डब्ल्यूबीसीएस (कार्यपालक) अधिकारियों के तबादले की घोषणा की गई है। इसके तहत नंदीग्राम-एक के बीडीओ संजय सिकदार को हल्दिया नगरपालिका का कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है, जबकि नंदीग्राम-दो के बीडीओ देवोत्तम सरकार को कांथी नगरपालिका का कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

वहीं, नंदीग्राम-एक के नए बीडीओ के रूप में सुजीतचंद्र लोढ़ को जिम्मेदारी दी गई है। वह इससे पहले बांकुड़ा जिले के पात्रसायर प्रखंड में बीडीओ के पद पर कार्यरत थे। उन्हें वर्ष 2021 बैच का अधिकारी बताया गया है। इसी तरह, नंदीग्राम-दो के नए बीडीओ अभिक विश्वास होंगे। वह इससे पहले पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल प्रखंड में बीडीओ थे। वह वर्ष 2019 बैच के अधिकारी हैं।

तबादले के इस क्रम में मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज-दो के बीडीओ शुभमय माझी को पश्चिम मेदिनीपुर के घाटाल प्रखंड में भेजा गया है। वहीं, बांड़ुड़ा के डिप्टी मजिस्ट्रेट एवं डिप्टी कलेक्टर सुकांत कुमार गोस्वामी को मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज-दो का नया बीडीओ नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, मुर्शिदाबाद के डिप्टी मजिस्ट्रेट एवं डिप्टी कलेक्टर देवाशीष विश्वास को बांड़ुड़ा जिले के पात्रसायर प्रखंड का नया बीडीओ बनाया गया है।

राज्य सरकार के इस आदेश से पूर्व मेदिनीपुर के साथ-साथ पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और मुर्शिदाबाद जिलों में भी प्रशासनिक स्तर पर बदलाव हुआ है। सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिये गये हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता