पूजा के बाद नवंबर के दूसरे सप्ताह से शुरू हो सकता है शिक्षक भर्ती का साक्षात्कार
कोलकाता, 23 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा की छुट्टियां समाप्त होने के बाद स्कूलों में शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। शुक्रवार को प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष रविरंजन सेन ने यह संकेत दिया है।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा से लेकर नौवीं-दसवीं और ग्यारहवीं-बारहवीं कक्षा तक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए लंबित साक्षात्कार नवंबर के दूसरे सप्ताह से शुरू हो सकते हैं।
प्राथमिक शिक्षा बोर्ड और स्कूल सेवा आयोग के सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारी नवंबर के भीतर साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में काम कर रहे हैं। राज्य में करीब 50 हजार रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) पास करने वाले अभ्यर्थियों में से 13 हजार 421 लोगों की भर्ती के लिए प्राथमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2025 में अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद 31 दिसंबर से जिलावार साक्षात्कार शुरू हुए थे। पहले चार चरणों के बाद पांचवें से दसवें चरण के साक्षात्कार का कार्यक्रम भी जारी किया गया। नदिया जिले में पांचवें चरण का साक्षात्कार पूरा हो चुका है, जबकि चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद पुरुलिया में साक्षात्कार स्थगित कर दिया गया था।
नई आरक्षण व्यवस्था के अनुसार, अभ्यर्थियों को अपनी जातिगत जानकारी में संशोधन करने का अवसर भी दिया गया है। यह प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक चलेगी। दूसरी ओर, नौवीं-दसवीं और ग्यारहवीं-बारहवीं कक्षाओं में शिक्षकों की भर्ती के लिए भी संशोधित सूची जारी होने के बाद लंबित साक्षात्कार आयोजित करने की तैयारी चल रही है। आरक्षण नियमों के अनुरूप सूची में संशोधन किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से निर्धारित समयसीमा के अनुसार, 31 मई 2027 तक भर्ती प्रक्रिया पूरी करनी है। ऐसे में संबंधित अधिकारी जल्द से जल्द साक्षात्कार पूरा कर नियुक्ति की अगली प्रक्रिया शुरू करना चाहते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

