पूजा के उल्लास के बीच सिलीगुड़ी में दिखा बर्फ से ढका कंचनजंघा, ‘सोते हुए बुद्ध’ की मनमोहक छटा वायरल
सिलीगुड़ी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा के उत्साह के बीच चतुर्थी की सुबह सिलीगुड़ी वासियों को प्रकृति का अनमोल तोहफा मिला। बुधवार सुबह साफ आसमान के बीच बर्फ से ढके कंचनजंघा पर्वत के दर्शन हुए। ‘सोते हुए बुद्ध’ के मनमोहक दृश्य को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। कई लोगों ने इस खूबसूरत नजारे को अपने कैमरे में कैद किया, जिसके बाद तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से बारिश और लगातार बने निम्न दबाव के कारण कंचनजंघा के दर्शन नहीं हो पा रहे थे। इससे पहाड़ घूमने आने वाले कई पर्यटकों को निराशा हाथ लगी थी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से बारिश कम होने और बुधवार सुबह आसमान साफ रहने के कारण पर्वत की शानदार झलक देखने को मिली।
सुबह की सैर पर निकले लोगों से लेकर काम पर जाने वाले राहगीरों तक, सभी इस नजारे को देखकर कुछ पल के लिए ठहर गए। सिलीगुड़ी के विभिन्न फ्लाईओवरों से भी लोगों ने कंचनजंघा की तस्वीरें खीची।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी से कंचनजंघा दिखाई देना संभव है, लेकिन बुधवार सुबह जैसी स्पष्ट झलक आमतौर पर कम ही देखने को मिलती है। सिलीगुड़ी के अलावा कालिम्पोंग सहित आसपास के कई इलाकों से भी ‘सोते हुए बुद्ध’ के दर्शन हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

