पुलिस हटते ही बारुईपुर रवाना तृणमूल प्रतिनिधिमंडल, मामले में एक और गिरफ्तारी
कोलकाता, 06 जुलाई (हि. स.)। पुलिस के हटते ही कालीघाट तृणमूल का प्रतिनिधिमंडल बारुईपुर के लिए रवाना हो गया। सोमवार को बारुईपुर जाने वाले तृणमूल प्रतिनिधिमंडल में प्रतिमा मंडल, विमान बनर्जी, डोला सेन और अनीता कररा शामिल हैं। दूसरी ओर, बारुईपुर की दुष्कर्म और हत्या की घटना में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रविवार को ही छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर मामले की जांच शुरू कर दी गई थी। वहीं, बारुईपुर और उससे सटे सोनारपुर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है।
बारुईपुर रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में तृणमूल नेता डोला सेन ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कथित तौर पर ‘हाउस अरेस्ट’ किए जाने के मुद्दे पर नाराजगी जताई।
डोला सेन ने कहा कि हम रोज यहां आते हैं और आज भी वैसे ही आए हैं। पार्टी कार्यालय आए हैं, इसमें जवाब देने जैसा क्या है? कालीघाट में सुपर इमरजेंसी चल रही है, बहुत अच्छा। कहा जा रहा है कि डर खत्म हो गया है और भरोसा आ गया है, उसका प्रमाण तो आप देख ही रहे हैं। एक नेता बारुईपुर जा सकती हैं, बस इतना कहते ही यहां सुपर इमरजेंसी लागू कर दी गई। रातभर यहां रूट मार्च हुआ। हमने पहले कभी आपातकाल नहीं देखा था, अब देख रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

