पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए
सिलीगुड़ी, 16 मार्च (हि. स.)। सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने चोरी और गुम हुए कुल 54 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद किए गए इन मोबाइल फोन की कुल बाजार मूल्य लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले एक साल के दौरान सिलीगुड़ी शहर में मोबाइल फोन चोरी और छिनतई की सौ से अधिक घटनाएं सामने आई थी। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी और छिनतई के करीब 54 मोबाइल फोन बरामद किए। सोमवार को थाने में एक कार्यक्रम के दौरान इन सभी मोबाइल फोन को उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया।
मोबाइल वापस पाने वाले कई लोगों ने बताया कि उनका फोन करीब एक साल पहले, जबकि कुछ लोगों का फोन छह से सात महीने पहले खो गया था। उन्होंने उम्मीद लगभग छोड़ दी थी कि उनका मोबाइल फोन वापस मिलेगा। मोबाइल मिलने से सभी लोग बेहद खुश नजर आए और उन्होंने सिलीगुड़ी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

