home page

पुराने मामले में तृणमूल नेता माजिद अंसारी गिरफ्तार, थाने के बाहर भाजपा का प्रदर्शन

 | 
पुराने मामले में तृणमूल नेता माजिद अंसारी गिरफ्तार, थाने के बाहर भाजपा का प्रदर्शन


कोलकाता, 23 अक्टूबर (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के नेता माजिद अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जोड़ासांको थाने की पुलिस ने गुरुवार रात उन्हें गिरफ्तार किया। बताया गया है कि वर्ष 2023 के एक पुराने मामले में यह गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तार नेता का दावा है कि भाजपा के खिलाफ बोलने के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

ममता समर्थक तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि चोरबागान कांड को लेकर सवाल उठाने वालों, खासकर तृणमूल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर गिरफ्तार किया जा रहा है। इसके विरोध में बेलियाघाटा के विधायक कुणाल घोष आमहर्स्ट स्ट्रीट थाने के सामने धरने पर बैठ गए। दूसरी ओर, थाने के बाहर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया।

भाजपा समर्थकों का आरोप है कि कुणाल घोष देशविरोधी लोगों को बचाने के लिए आए हैं। उन्होंने कुणाल घोष को थाने से हटाने की मांग की। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अंसारी को पुराने छेड़छाड़, जबरन वसूली और अभद्र टिप्पणी से जुड़े आरोपों के मामले में गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अंसारी के वकील ने दावा किया कि उनके मुवक्किल दिल्ली में थे और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का कोई प्रमाण नहीं है। वकील की ओर से जमानत की अर्जी भी दी गई है।

इधर, तृणमूल विधायक कुणाल घोष आमहर्स्ट स्ट्रीट थाने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि चोरबागान कांड के विरोध में आवाज उठाने के कारण तृणमूल नेताओं को चुन-चुनकर गिरफ्तार किया जा रहा है। थाने की सीढ़ियों पर बैठकर उन्होंने कहा कि झूठी शिकायतों के आधार पर लोगों को उठाया जा रहा है। असली अपराधी बाहर घूम रहे हैं। काफी देर तक थाने की सीढ़ियों पर बैठे रहने के बाद थाना प्रभारी उन्हें अंदर ले गए। कुणाल घोष ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है।

वहीं, भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस मामले में विरोध प्रदर्शन किया। उनका सवाल था कि कुणाल घोष उस इलाके के विधायक नहीं हैं, फिर वह वहां क्यों आए हैं। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि वह देशविरोधी लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कुणाल घोष पर भी देशद्रोही होने का आरोप लगाते हुए उन्हें निशाना बनाया। साथ ही, उन्हें थाने से बाहर निकालने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता