पिकनिक पर गया युवक लापता, 24 घंटे बाद डुलुंग नदी से शव बरामद
झाड़ग्राम, 14 सितंबर (हि. स.)। झाड़ग्राम के शालगड़ा जंगल में दोस्तों के साथ पिकनिक करने के दौरान लापता हुए 21 वर्षीय युवक सायन साव का शव सोमवार देर शाम को डुलुंग नदी से बरामद हुआ। करीब 24 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर नदी में उसका शव मिला। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, झाड़ग्राम थाना क्षेत्र के बीरा गांव निवासी सायन साव रविवार को कुछ दोस्तों के साथ शालगड़ा जंगल इलाके में पिकनिक करने गया था। दोपहर में पिकनिक खत्म होने के बाद वह अकेले डुलुंग नदी के किनारे चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की।
नदी के किनारे सायन की घड़ी और अन्य सामान पड़े मिले थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई कि असावधानीवश नदी में गिरकर वह डूब गया होगा।
सूचना पाकर झाड़ग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। सायन के साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ भी की गई। रात में आपदा प्रबंधन टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की।
सोमवार को पूरे दिन डुलुंग नदी और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया। शाम के समय घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नदी से सायन का शव बरामद किया गया। शव को देर रात पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

