home page

पश्चिम बंगाल में जनगणना के पहले चरण का फील्डवर्क सौ प्रतिशत पूरा

 | 
पश्चिम बंगाल में जनगणना के पहले चरण का फील्डवर्क सौ प्रतिशत पूरा


कोलकाता, 16 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में जनगणना के पहले चरण का फील्डवर्क निर्धारित 14 सितंबर की समय सीमा से पहले 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। राज्य में कुल एक लाख 73 हजार 066 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) को इस चरण के तहत कवर किया गया है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को समाज माध्यम द्वारा एक्स पर यह जानकारी दी।

पोस्ट में इसे राज्य के लिए ‘‘गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण उपलब्धि’’ बताया। उन्होंने इस अभ्यास को ‘‘समर्पण, सूक्ष्म योजना और अथक प्रयास’’ के साथ पूरा करने के लिए प्रशासनिक तंत्र की सराहना की।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य के प्रत्येक जिले, महकमे, प्रखंड, नगर निगम और नगरपालिका के अंतर्गत आने वाले सभी एक लाख 73 हजार 066 हाउसलिस्टिंग ब्लॉकों में पूरा कवरेज हासिल कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि तीन करोड़ 69 लाख अनुमानित जनगणना आवासों के मुकाबले तीन करोड़ 68 लाख 30 हजार 150 से अधिक जनगणना आवासों का भी सर्वेक्षण किया जा चुका है। यह अनुमानित परिवारों का लगभग 99.7 प्रतिशत है।

अधिकारी ने जमीनी स्तर पर जनगणना का काम करने वाले गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य के पहाड़ी, मैदानी और नदी वाले क्षेत्रों में अलग-अलग मौसम की परिस्थितियों के बीच घर-घर पहुंचने के लिए उन्होंने कई मील की दूरी तय की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों का भी आभार जताया। इनमें जिलाधिकारी, महकमा अधिकारी, प्रखंड विकास अधिकारी, नगर आयुक्त और प्रभारी अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने जनगणना कार्य के दौरान समन्वय और नेतृत्व के लिए इन अधिकारियों की सराहना की।

अधिकारी ने जनगणना कार्य में सहयोग करने के लिए राज्य के नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने नागरिकों की ‘‘गर्मजोशी से की गई मेजबानी, धैर्यपूर्ण सहयोग और सक्रिय भागीदारी’’ के लिए धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब हम प्रतिबद्धता और एकता के साथ मिलकर काम करते हैं, तो पश्चिम बंगाल उत्कृष्टता का मानक स्थापित करता है।’’ उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े सभी लोगों से इसी तरह अपना काम जारी रखने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता