home page

पश्चिम बंगाल में कई जिलों में हल्की बारिश के आसार

 | 
पश्चिम बंगाल में कई जिलों में हल्की बारिश के आसार


कोलकाता, 23 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सोमवार को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों के साथ उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भी हल्की बारिश अथवा गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। हालांकि, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को कोलकाता में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कोलकाता के लिए किसी प्रकार की विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।

दक्षिण बंगाल में उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और नदिया के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, कोलकाता, हावड़ा और हुगली में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। पुरुलिया, पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में भी बारिश की संभावना कम है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश अथवा गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। दूसरी ओर, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट के साथ राज्य में ठंड का प्रभाव बढ़ेगा। विशेष रूप से उत्तर बंगाल के जिलों में रात के तापमान में कमी आने से सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है। दक्षिण बंगाल में भी न्यूनतम तापमान गिरने से मौसम में ठंडक बढ़ने के संकेत हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के 23 नवंबर को जारी चेतावनी संबंधी पूर्वानुमान में गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के लिए अगले सात दिनों तक कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता