home page

पश्चिम बंगाल में उमस भरी गर्मी का असर, कई जिलों में तापमान बढ़ा

 | 
पश्चिम बंगाल में उमस भरी गर्मी का असर, कई जिलों में तापमान बढ़ा


कोलकाता, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में अक्टूबर की शुरुआत के बावजूद उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। शनिवार सुबह से ही पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर, खड़गपुर और बीरभूम समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण गर्मी महसूस की जा रही है। तापमान अपेक्षाकृत सामान्य रहने के बावजूद अधिक आर्द्रता के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी का एहसास हो रहा है।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में शनिवार को अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय कई इलाकों में आर्द्रता अधिक रहने की वजह से उमस बनी रहेगी। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होने पर गर्मी और बढ़ने की संभावना है। पश्चिम और पूर्व मेदिनीपुर के साथ खड़गपुर क्षेत्र में भी सुबह से ही उमस का असर देखा जा रहा है।

कोलकाता और आसपास के इलाकों में भी सुबह वातावरण में नमी अधिक रही। हालांकि पूरे दक्षिण बंगाल में मौसम एक जैसा नहीं रहेगा। कुछ स्थानों पर बादल छाने और स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। अलीपुर मौसम विभाग ने तीन और चार अक्टूबर को दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।

उत्तर बंगाल के जिलों में भी मौसम में स्थानीय अंतर देखने को मिल सकता है। पहाड़ी और तराई क्षेत्रों में बादल तथा हल्की बारिश की संभावना के बीच दक्षिण बंगाल के मैदानी इलाकों में फिलहाल उमस और गर्मी का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में तत्काल बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। ऐसे में अगले एक-दो दिनों तक दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में गर्मी के साथ उमस बनी रह सकती है। दिन के समय तेज धूप और अधिक आर्द्रता के कारण लोगों को दोपहर में विशेष रूप से असहज गर्मी महसूस हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता