पंचायत सेवाओं में अनियमितता के आरोप पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, पंचायत कार्यालय का घेराव
हावड़ा, 14 जुलाई (हि.स.)। पंचायत से विभिन्न सरकारी सेवाएं नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए मंगलवार दोपहर हावड़ा जिले के बांकड़ा-3 ग्राम पंचायत कार्यालय के बाहर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और कार्यालय का घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पंचायत कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ, आवश्यक दस्तावेजों से जुड़े कार्य और स्थानीय समस्याओं का समाधान नहीं मिल रहा है। इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत कार्यालय के सामने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन पर उतर आए।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि आक्रोशित भीड़ के एक हिस्से ने पंचायत कार्यालय की खिड़कियों में तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय बलों के जवानों को भी तैनात किया गया। पुलिस और केंद्रीय बलों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर माहौल शांत करने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनका उद्देश्य अशांति फैलाना नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों को प्रशासन तक पहुंचाना है। उनका आरोप है कि लंबे समय से पंचायत स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।
वहीं, पंचायत अधिकारियों ने कहा कि लोगों की शिकायतों की जांच की जाएगी और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने सरकारी कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की हिंसक कार्रवाई किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

