home page

पंचायत प्रधान के घर घेराव, भ्रष्टाचार के आरोपों पर भड़के ग्रामीण

 | 
पंचायत प्रधान के घर घेराव, भ्रष्टाचार के आरोपों पर भड़के ग्रामीण


कूचबिहार, 03 जून (हि. स.)। विधानसभा चुनाव-2026 के बाद से सरकारी सेवाओं से वंचित और प्रधान की कथित अनुपस्थिति को लेकर बुधवार को जामालदह ग्राम पंचायत क्षेत्र में भारी बवाल देखने को मिला। 164 नंबर गोपालपुर इलाके के ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान गीता बर्मन के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनके घर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के बाद से ही प्रधान क्षेत्र में सक्रिय नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से वंचित होना पड़ रहा है। यह भी दावा किया गया कि प्रधान के निर्देश पर कई लोगों के नाम जॉब कार्ड सूची से हटा दिए गए, जिससे उनकी रोजगार की व्यवस्था प्रभावित हुई है।आक्रोशित ग्रामीणों ने दोपहर में प्रधान के घर के सामने इकट्ठा होकर प्रदर्शन शुरू किया, जो धीरे-धीरे उग्र हो गया।

आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने घर की ओर सड़े अंडे और पानी की बोतलें फेंकी और तोड़फोड़ की कोशिश भी की। उस समय प्रधान गीता बर्मन और उनके पति दीननाथ बर्मन घर के अंदर मौजूद थे।

गीता बर्मन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे लंबे समय से बीमार हैं, जिसके कारण नियमित रूप से पंचायत कार्यालय नहीं जा पा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी इस निजी स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने साजिश के तहत उन पर हमला करने की कोशिश की। घटना से वे काफी भयभीत हैं। घटना की सूचना पाकर मेखलिगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और हालात सामान्य बताए जा रहे है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार