न्यू जलपाईगुड़ी में रेल हाकरों का प्रदर्शन, एडीआरएम कार्यालय के सामने धरना
सिलीगुड़ी, 09 मार्च (हि. स.)। न्यू जलपाईगुड़ी इलाके में रेल हाकरों ने सोमवार को ऑल बंगाल हाकर यूनियन के बैनर तले सैकड़ों श्रमिक एडीआरएम कार्यालय के सामने जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
हाकरों का आरोप है कि रेलवे प्रशासन की ओर से लंबे समय से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि ट्रेन या स्टेशन पर काम करने के दौरान उन्हें रोका जाता है और कई बार हिरासत में लेकर जेल भी भेज दिया जाता है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पहले भी कई बार शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर चुके हैं और रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। इस आंदोलन का नेतृत्व सिलीगुड़ी टाउन ब्लॉक तीन के श्रमिक संगठन के अध्यक्ष सुजय सरकार ने किया।
इस दौरान सुजय सरकार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही हाकरों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर हाकरों के परिवारों के साथ रेलवे कर्मचारियों के क्वार्टर और रेलवे कार्यालय के सामने बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

