home page

नामांकन के दिन रास्ते में खराब हुई गाड़ी, पैदल पहुंचीं तृणमूल उम्मीदवार मीता बाग

 | 
नामांकन के दिन रास्ते में खराब हुई गाड़ी, पैदल पहुंचीं तृणमूल उम्मीदवार मीता बाग


हुगली, 06 अप्रैल (हि. स.)। नामांकन दाखिल करने जैसे अहम दिन पर बीच रास्ते में गाड़ी खराब होने से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मीता बाग की चुनावी यात्रा चर्चा का विषय बन गई।

सोमवार को आरामबाग विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मीता बाग सुदानिल सिनेमा हॉल के सामने से एक बड़े जुलूस के साथ एसडीओ कार्यालय की ओर रवाना हुई थीं। लेकिन कुछ ही दूरी तय करने के बाद उनकी गाड़ी में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। कार्यकर्ताओं ने कई बार गाड़ी को धक्का देकर चालू करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

आखिरकार उन्हें गाड़ी छोड़कर पैदल ही नामांकन दाखिल करने जाना पड़ा।

इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि नामांकन जैसे महत्वपूर्ण दिन पर यदि वाहन की बुनियादी तैयारी सुनिश्चित नहीं की जा सकी, तो इससे संगठनात्मक और प्रशासनिक तैयारियों पर भी सवाल खड़े होते हैं। कई लोगों ने इसे “कमजोर प्रबंधन” का उदाहरण बताया है।

हालांकि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने इस घटना को “संघर्ष का प्रतीक” बताने की कोशिश की, वहीं विपक्षी दलों का कहना है कि यह पार्टी की अव्यवस्थित तैयारियों को दर्शाता है।

नामांकन के दिन ऐसी स्थिति बनने से यह सवाल भी उठ रहा है कि भविष्य में बड़ी जिम्मेदारियों को संभालने के लिए उम्मीदवार और उनका संगठन कितने तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय