home page

नंदीग्राम में ‘मन की बात’ का प्रसारण, शुभेंदु ने मतदाता सूची और घुसपैठ पर बात की

 | 
नंदीग्राम में ‘मन की बात’ का प्रसारण, शुभेंदु ने मतदाता सूची और घुसपैठ पर बात की


पूर्व मेदिनीपुर, 22 फरवरी (हि. स.)। जिले के नंदीग्राम में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड का 72 स्थानों पर सामूहिक प्रसारण किया गया। बिरुलिया में आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं व मातृशक्ति के साथ बैठकर कार्यक्रम सुना और बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में हाल ही में देश में आयोजित पांच दिवसीय एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में अनेक वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों, स्टार्ट-अप और निवेशक संस्थाओं की भागीदारी से भारत में डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिल रही है तथा डेटा सेंटर निर्माण के क्षेत्र में भी नए अवसर खुल रहे हैं।

उन्होंने संस्कृति, कृषि, उद्योग और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी विस्तार से विचार साझा किए और जनभागीदारी आधारित अभियानों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अंगदान जैसे महत्त्वपूर्ण सामाजिक कार्यों में आगे आने की अपील की तथा आगामी होली (दोल) पर्व के अवसर पर स्थानीय उत्पादों की खरीद को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने मतदाता सूची संशोधन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि न्यायालय के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। उन्होंने संभावना जताई कि 28 फरवरी को नई मतदाता सूची प्रकाशित हो सकती है और जिन नामों को संदिग्ध माना जाएगा, उन्हें पूरक सूची में शामिल किया जा सकता है। उनके अनुसार, मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए डोमिसाइल प्रमाणपत्र, भारतीय नागरिकता का प्रमाण तथा 18 वर्ष आयु का प्रमाण आवश्यक है।

सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने घुसपैठ के मुद्दे पर सख्ती की बात कही और दावा किया कि न्यायालय के निर्देशों के बाद प्रक्रिया अधिक कड़ी हुई है। राज्य की राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में नंदीग्राम के मतदाताओं ने जो संदेश दिया, उसी दिशा में यदि पूरा राज्य आगे बढ़ता है तो विकास की गति तेज होगी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध कम होंगे और युवाओं को रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

उन्होंने शौकत मोल्ला से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर भी टिप्पणी करते हुए विपक्षी दलों के आपसी विवाद का आरोप लगाया। शुभेंदु अधिकारी के इन बयानों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सत्तारूढ़ दल की ओर से फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन चुनाव से पूर्व कार्यक्रम और उसके बाद दिए गए राजनीतिक बयान को राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता