home page

नंदीग्राम उपचुनाव में 37 कंपनी केंद्रीय बल तैनात, 79 संवेदनशील बूथों पर नजर

 | 
नंदीग्राम उपचुनाव में 37 कंपनी केंद्रीय बल तैनात, 79 संवेदनशील बूथों पर नजर


पूर्व मेदिनीपुर, 02 अक्टूबर (हि. स.)। नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है। मतदान के लिए 37 कंपनी केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा राज्य पुलिस के करीब 600 से 700 जवान अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। 79 संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पूर्व मेदिनीपुर के जिलाधिकारी निरंजन कुमार और पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने गुरुवार देर शाम निमतौड़ी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर चुनाव तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि नंदीग्राम में कुल दो लाख 66 हजार 419 मतदाता हैं। कुल 323 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। मतदान सामग्री तैयार करने का काम पूरा कर लिया गया है। करीब 80 प्रतिशत मतदाता पर्चियां भी बांटी जा चुकी हैं।

सुरक्षा के लिए मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बल के जवान तैनात रहेंगे। राज्य पुलिस के जवान भी विभिन्न क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। इसके साथ ही नाका जांच, रूट मार्च और गश्त बढ़ा दी गई है। त्वरित प्रतिक्रिया दल, सेक्टर बल और अन्य विशेष दल भी सक्रिय रहेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित 102 शिकायतें मिली थीं। प्रशासन के अनुसार सभी शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है। अब तक 97 लाख रुपये नकद और पांच हजार 893 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले दो महीनों में 300 से अधिक गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट पर कार्रवाई की गई है। नंदीग्राम के अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विपक्षी दलों के प्रचार में बाधा डालने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई विशिष्ट शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि कहीं कोई घटना होने पर कानून के अनुसार मामला दर्ज करने, गिरफ्तारी और अन्य कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता