home page

दोहरे निम्न दबाव से दक्षिण बंगाल में लगातार बारिश, बाढ़ की आशंका से खानाकुल में प्रशासन ने तेज की तैयारियां

 | 
दोहरे निम्न दबाव से दक्षिण बंगाल में लगातार बारिश, बाढ़ की आशंका से खानाकुल में प्रशासन ने तेज की तैयारियां


हुगली, 10 जुलाई (हि. स.)। दक्षिण बंगाल में सक्रिय दोहरे निम्न दबाव के कारण लगातार हो रही बारिश ने हुगली जिले के बाढ़ प्रभावित खानाकुल क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी अक्षरेखा राजस्थान से बांग्लादेश तक फैली हुई है, जो मध्य प्रदेश के निम्न दबाव क्षेत्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। वहीं, एक अन्य निम्न दबाव की अक्षरेखा उत्तर-पूर्व अरब सागर से सिक्किम तक विस्तृत है। इन परिस्थितियों के चलते आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश के लगातार जारी रहने से खानाकुल के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोग संभावित बाढ़ को देखते हुए अभी से अपने घरों को सुरक्षित करने और जरूरी सामान व्यवस्थित करने में जुट गए हैं। हर वर्ष बरसात के दौरान खानाकुल के कई इलाके जलमग्न हो जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

खानाकुल के विधायक सुषांत घोष ने शुक्रवार को बताया कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला, महकमा और ब्लॉक स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं। पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर पहले तटबंध टूटे थे, वहां मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है।

उन्होंने कहा कि नई सरकार को काम करने के लिए अभी बहुत कम समय मिला है, तेजी से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर धन की कमी की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सिंचाई विभाग को पांच करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। हालांकि, जगतपुर और माड़ोखाना जैसे कुछ इलाकों में तटबंध अभी भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो पाए हैं, जिससे बाढ़ के दौरान वहां से पानी प्रवेश करने की आशंका बनी हुई है।

विधायक ने कहा कि बाढ़ को पूरी तरह रोकना संभव नहीं है, लेकिन लोगों की परेशानियां कम करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशासन ने पहले से ही तिरपाल, खाद्यान्न और अन्य राहत सामग्री का भंडारण कर लिया है। आवश्यकता पड़ने पर बचाव कार्य के लिए स्पीडबोट भी तैयार रखी गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष राज्य सरकार खानाकुल के लिए एक बड़ी बाढ़ नियंत्रण परियोजना को मंजूरी देगी।

वहीं, बाढ़ प्रभावित धान्यघोरी ग्राम पंचायत के प्रधान कार्तिक घोड़ा ने बताया कि पंचायत प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए स्पीडबोट और राहत शिविर पूरी तरह तैयार रखे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय