home page

देवतिया बैंक्वेट हॉल में गीता पाठ की तैयारियों पर मंथन, श्रीरामपुर में 11 हजार कंठों से गीता पाठ की तैयारी तेज

 | 
देवतिया बैंक्वेट हॉल में गीता पाठ की तैयारियों पर मंथन, श्रीरामपुर में 11 हजार कंठों से गीता पाठ की तैयारी तेज


हुगली, 05 अक्टूबर (हि. स.)। श्रीरामपुर के जगन्नाथ मैदान में प्रस्तावित 11 हजार कंठों से गीता पाठ कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में सोमवार शाम रिषड़ा के बागखाल इलाके स्थित देवतिया बैंक्वेट हॉल में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत सेवाश्रम संघ से जुड़े पद्मश्री कार्तिक महाराज और स्थानीय विधायक एवं मंत्री भास्कर भट्टाचार्य उपस्थित रहे। बैठक में स्थानीय प्रबुद्ध और गणमान्य लोगों के साथ प्रस्तावित गीता पाठ कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस बैठक में भाजपा नेता मनोज सिंह, नमिता नायक, अच्छेलाल यादव, मुकेश देवतिया, आकाश देवतिया, रतन अग्रवाल, देवदीप भादुड़ी, संजय चौधरी, अनिल अग्रवाल, समर कुंडू, अशोक देवतिया, आशीष देवतिया और अजय साव समेत कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक के बाद पद्मश्री कार्तिक महाराज ने बताया कि आगामी 29 दिसंबर को कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में 11 लाख लोगों के साथ गीता पाठ का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम के मद्देनजर अलग-अलग स्थानों पर छोटे-छोटे गीता पाठ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 28 अक्टूबर को महेश के जगन्नाथ मैदान में 11 हजार कंठों से गीता पाठ प्रस्तावित है।

बैठक के दौरान इस आयोजन की स्थानीय तैयारियों, लोगों की सहभागिता और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में स्थानीय व्यवसायियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी गई तथा उनकी भागीदारी और सहयोग पर विचार-विमर्श किया गया। आने वाले दिनों में आयोजन की तैयारियां और तेज होने की संभावना है।

इससे पहले कार्तिक महाराज ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल महेश जगन्नाथ मैदान का निरीक्षण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय