देबाशीष भट्टाचार्य पर हमले के खिलाफ बीएमएस से जुड़े संगठनों का विरोध
हुगली, 05 अगस्त (हि. स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध हेस्टिंग्स मिल लिमिटेड मजदूर संघ और जय श्री इंडस्ट्रीज मजदूर संघ ने बीएमएस पश्चिम बंगाल के महासचिव देबाशीष भट्टाचार्य पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए पश्चिम बंगाल सरकार से दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दोनों मजदूर संगठनों द्वारा बुधवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को भेजे गए अलग-अलग ज्ञापनों में कहा गया है कि देबाशीष भट्टाचार्य पर उस समय हमला किया गया, जब वे कोलाघाट में संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। संगठनों ने इस घटना को केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि भारतीय मजदूर संघ और श्रमिक आंदोलन पर सीधा हमला बताया है।मजदूर संगठनों ने हमले में शामिल सभी आरोपितों की तत्काल पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है।
दोनों संगठनों ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि वे न्याय की मांग को लेकर एकजुट हैं और कानून के अनुसार दोषियों को कठोर दंड दिलाने तक अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
हुगली के रिषड़ा स्थित दोनों मजदूर संगठनों ने अपने ज्ञापन की प्रतियां भारतीय मजदूर संघ, पश्चिम बंगाल, केंद्रीय नेतृत्व तथा संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी प्रेषित की हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

