home page

दीघा से दो किलोमीटर पहले रुकी ताम्रलिप्त एक्सप्रेस, यात्रियों को टोटो से पहुंचाया गया

 | 

कोलकाता, 28 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में बुधवार सुबह हावड़ा-दीघा ताम्रलिप्त एक्सप्रेस बिजली आपूर्ति में समस्या के कारण दीघा स्टेशन से करीब दो किलोमीटर पहले रुक गई। ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद यात्रियों के एक हिस्से को ट्रेन से उतरकर रेलवे लाइन पर पैदल चलते देखा गया। बाद में यात्रियों को दीघा पहुंचाने के लिए टोटो की व्यवस्था की गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे 12857 ताम्रलिप्त एक्सप्रेस दिघा स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर दूर टिकरा स्टेशन के पास रुक गई। ट्रेन के दीघा स्टेशन पहुंचने से पहले ही बिजली आपूर्ति में समस्या आ गई थी। काफी देर तक ट्रेन के नहीं चलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। बिजली आपूर्ति में समस्या आने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कुछ लोगों ने आशंका जताई कि बारिश का पानी इंजन में प्रवेश करने से यह समस्या उत्पन्न हुई होगी। हालांकि, गड़बड़ी के वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

ट्रेन के बीच रास्ते में रुक जाने से दीघा जाने वाले पर्यटकों सहित अन्य यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बाद में टोटो की व्यवस्था की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता