दिलीप घोष ने सौ प्रखंडों के विकास की समीक्षा की
खड़गपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। राज्य के पिछड़े क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक तेजी से पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार देर शाम साल्टलेक स्थित आईएलजीयूएस भवन में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष की मौजूदगी में राज्य के 100 विशेष प्रखंडों के प्रखंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के साथ विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में उन प्रखंडों पर विशेष ध्यान दिया गया, जो विभिन्न बुनियादी सुविधाओं और विकास के मानकों में अपेक्षाकृत पीछे हैं। इस दौरान बीडीओ ने प्रशासनिक स्तर पर आने वाली समस्याओं और विकास कार्यों में हो रही देरी की जानकारी दी। मंत्री ने काम की गति बढ़ाने और रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
दिलीप घोष ने कहा कि ग्रामीण पंचायत व्यवस्था के माध्यम से प्रत्येक सरकारी सेवा बिना किसी बाधा और देरी के आम लोगों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
बैठक में पिछड़े क्षेत्रों के प्राथमिकता के आधार पर विकास, प्रशासनिक कामकाज में सुधार और ग्रामीण आबादी तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गए क्षेत्रों और समाज के वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

