दिनदहाड़े तेंदुए का हमला, बकरी की मौत से दहशत; पिंजरा लगाने की मांग
अलीपुरद्वार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के फालाकाटा ब्लॉक में जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान से सटे शालकुमार ग्राम पंचायत के तीन बीघा गांव में शनिवार दोपहर तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। चाय बागान से निकलकर आबादी में घुसे तेंदुए ने एक बकरी पर हमला कर दिया। इस घटना में बकरी की मौत हो गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बकरी घर के पास चर रही थी। तभी अचानक चाय बागान से निकले तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग गया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण बकरी की मौत हो गई।
बकरी के मालिक अमल दास ने बताया कि तेंदुआ पहले भी उनकी तीन बकरियों को मार चुका है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि यदि तेंदुआ दिनदहाड़े घर के आंगन तक पहुंच रहा है, तो ग्रामीणों और खासकर बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
ग्रामीणों के मुताबिक, जलदापाड़ा जंगल से सटे होने के कारण इलाके में हाथियों और जंगली सूअरों का उत्पात पहले से ही बना रहता है। अब तेंदुए के हमले से लोगों में भय बढ़ गया है। ग्रामीणों ने लोगों और मवेशियों की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द इलाके में पिंजरा लगाने की मांग की है।
मामले पर जलदापाड़ा वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद घटना की जांच की जा रही है। वनकर्मी इलाके में निगरानी रखेंगे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पिंजरा लगाने की व्यवस्था की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

