तारकेश्वर में यूट्यूबर के परिवार पर हमला और महिला से अभद्रता का आरोप, 'पुलिसकर्मी' बताकर मारपीट करने का आरोप
हुगली, 05 अगस्त (हि. स.)। तारकेश्वर में स्थानीय यूट्यूबर श्रीमंत बाग के परिवार पर कथित हमले और महिला के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित यूट्यूबर ने बुधवार को इस घटना की जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनके परिवार के साथ मारपीट की और उनकी मां के साथ अभद्र व्यवहार किया।
लिखित शिकायत के अनुसार, यह घटना तीन अगस्त की शाम करीब चार बजे की है। शिकायतकर्ता असीमा बाग ने आरोप लगाया कि वह अपने परिवार के साथ तारकेश्वर मंदिर में जल चढ़ाकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनका रास्ता रोक लिया और खुद को पुलिसकर्मी बताया।
परिवार का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने पहले असीमा बाग को बांग्लादेशी कहकर अपमानित किया और फिर कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद उसने असीमा बाग के साथ धक्का-मुक्की की, थप्पड़ और लात मारी तथा उनकी साड़ी खींचकर अभद्रता करने की कोशिश की। शिकायत में चंदन घोष, निवासी बद्यीपुर, तारकेश्वर (हुगली), को आरोपित बताया गया है। परिवार ने प्रशासन से आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। यूट्यूबर श्रीमंत बाग ने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्हें भी पीटा गया और वे घायल हो गए। शोर-शराबा होने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गया।
परिवार का कहना है कि स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस या प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

