तारकेश्वर में महा रुद्रयज्ञ और श्रावणी मेले का शुभारंभ, पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हुगली, 15 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारकेश्वर में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच पांच दिवसीय महा रुद्रयज्ञ और श्रावणी मेले का शुभारंभ हुआ। भगवान शिव की आराधना तथा विश्व शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
तारकेश्वर के विधायक संतु पान ने बताया कि इस महा रुद्रयज्ञ का उद्देश्य भगवान शिव की उपासना के माध्यम से समाज में शांति, सद्भाव और कल्याण का संदेश देना है। अगले पांच दिनों तक वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजन, हवन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने शिवभक्तों और आम श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि आप सभी आइए, बाबा तारकनाथ की आराधना में सहभागी बनिए और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कीजिए।
श्रावण मास के दौरान हर वर्ष तारकेश्वर में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष भी महा रुद्रयज्ञ और श्रावणी मेले के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

