home page

डायमंड हार्बर में फिर सियासी हलचल, तृणमूल नेताओं के खिलाफ पोस्टर से मचा हड़कंप

 | 

दक्षिण 24 परगना, 01 सितंबर (हि.स.)।

दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर में मंगलवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं के खिलाफ पोस्टर मिलने से इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। डायमंड हार्बर नगरपालिका परिसर समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थानीय तृणमूल नेताओं के नाम वाले पोस्टर देखे गये।

पोस्टरों में तृणमूल नेता अमित साहा, गौतम अधिकारी, शमीम अहमद और मेहबूब रहमान गायेन समेत कई नेताओं के नाम का उल्लेख किया गया है। पोस्टरों में अमित साहा की गिरफ्तारी की मांग भी की गई है। पोस्टर किसने लगाए, इसे लेकर इलाके में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है।

भाजपा के स्थानीय नेताओं का दावा है कि भ्रष्टाचार के आरोपों तथा अतीत में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचार के विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं। उनका आरोप है कि इलाके में लंबे समय से भ्रष्टाचार का माहौल बना हुआ है और तत्कालीन तृणमूल सरकार में विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को विभिन्न तरीके से परेशान और वंचित किया जाता रहा है।

भाजपा नेताओं का दावा है कि इन्हीं आरोपों के विरोध में मंगलवार सुबह एकजुट होकर पोस्टर लगाए गए।

वहीं, पोस्टर में लगाए गए आरोपों को लेकर स्थानीय तृणमूल नेताओं की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि वे इस मामले पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से बच रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय