डानकुनी के निजी वेयरहाउस में काम मांगने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट का आरोप, तीन घायल
हुगली, 02 नवंबर (हि. स.)। डानकुनी के एक निजी वेयरहाउस में काम मांगने पहुंचे तीन लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। मामले में पुलिस से शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ताओं निर्भय पाठक, ललन शुक्ला और सुभाष शर्मा के अनुसार, आज सोमवार करीब 11 बजे वे वेयरहाउस में काम मांगने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि जैसे ही वे गेट के अंदर दाखिल हुए, वहां मौजूद करीब 50 कर्मचारियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके एक दोस्त के साथ भी बुरी तरह मारपीट की गई।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस घटना में उनके शरीर, नाक और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना पाकर डानकुनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
शिकायतकर्ताओं ने इस मारपीट के पीछे इलाके के एक प्रभावशाली तृणमूल नेता का हाथ होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि उक्त नेता के इशारे पर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने पुलिस से संबंधित नेता की गिरफ्तारी की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

