ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत, परिवार में मातम
हुगली, 19 नवंबर (हि. स.)। छठ पूजा के अवसर पर मुंबई से झारखंड आईं मां-बेटी की हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में रेल हादसे में मौत हो गई। बुधवार रात करीब 11 बजे रेलवे लाइन पार करने के दौरान अप रक्सौल एक्सप्रेस की चपेट में आने से दोनों की जान चली गई। मृतकों की पहचान आभा झा (48) और उनकी बेटी प्रगति झा (19) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आभा झा अपनी बेटी प्रगति के साथ छठ पर्व मनाने झारखंड के धनबाद स्थित रिश्तेदारों के घर आई थीं। बुधवार को दोनों धनबाद से उत्तरपाड़ा में एक अन्य रिश्तेदार के घर जाने के लिए रवाना हुईं। उन्होंने हावड़ा स्टेशन से उत्तरपाड़ा के लिए ट्रेन पकड़ी थी।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे उत्तरपाड़ा स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार करने के दौरान दोनों अप रक्सौल एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आभा के पति मोहित कुमार झा मुंबई में फिल्म निर्देशक हैं। उनकी बेटी प्रगति मुंबई में कानून की पढ़ाई कर रही थीं। दोनों की शुक्रवार को विमान से मुंबई लौटने की योजना थी। हादसे की खबर मिलने के बाद मोहित गुरुवार को कोलकाता पहुंचे।
परिवार के सदस्य इस घटना से सदमे में हैं। पुलिस और स्थानीय लोग परिवार की सहायता कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

