home page

ट्रक गुजरते ही भरभराकर ढहा पुल, बड़ा हादसा टला

 | 
ट्रक गुजरते ही भरभराकर ढहा पुल, बड़ा हादसा टला


कूचबिहार, 01 नवंबर (हि. स.)। भारी ट्रक के गुजरते ही पुल अचानक भरभराकर ढह गया। घटना कूचबिहार जिले के माथाभांगा-2 ब्लॉक के उनिशबिशा ग्राम पंचायत अंतर्गत खरिकाबाड़ी इलाके की है। रविवार को हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुल टूटने के दौरान ट्रक भी उसके साथ नीचे गिर गया।

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस पुल से एक भारी ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक पुल ढह गया। हादसे के कारण उनिशबिशा और प्रेमेरडांगा इलाके के बीच सीधा संपर्क पूरी तरह कट गया है। इससे स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के आवागमन के साथ ही जरूरी कामों के लिए भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से जोखिम भरे इस पुल की मरम्मत की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। घटना के बाद इलाके के जर्जर पुलों की सुरक्षा और उनके जल्द पुनर्निर्माण की मांग फिर तेज हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार