टिकट चेकिंग अभियान में खड़गपुर मंडल ने पकड़े 235 अनियमित यात्री
खड़गपुर, 28 फरवरी (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल द्वारा शनिवार को टिकट रहित और अनियमित यात्रा को रोकने के उद्देश्य से एक विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस सघन जांच अभियान के दौरान खड़गपुर-टाटा, खड़गपुर-बालेश्वर और खड़गपुर-हावड़ा रेल खंडों के साथ-साथ प्रमुख स्टेशनों पर 'किलाबंदी' (फोर्ट्रेस) चेकिंग की गई, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाया जा सके और रेलवे नियमों का अनुपालन सुनिश्चित हो सके।
मंडल के वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारियों ने इस अभियान के तहत ट्रेन संख्या 22504, 12841, 12814, 12842, 12021, 12703, 12704, 12828, 12860, 12074, 12821 और 22642 जैसी प्रमुख ट्रेनों में गहन जांच की। इस कार्यवाही के दौरान कुल 235 मामले टिकट रहित और अनियमित यात्रा के पाए गए। दोषी पाए गए यात्रियों से दंड के स्वरूप कुल एक लाख 22 हजार 630 रुपए की राशि मौके पर ही वसूल की गई।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, वैध यात्रियों को सुरक्षित और सुखद यात्रा का वातावरण प्रदान करने तथा बिना टिकट यात्रा को हतोत्साहित करने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

