home page

झाड़ग्राम में डंपर ने कई घरों को मारी टक्कर, मालिक की मौत

 | 
झाड़ग्राम में डंपर ने कई घरों को मारी टक्कर, मालिक की मौत


झाड़ग्राम, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में शनिवार सुबह दुर्गापूजा के सप्तमी के दिन एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गोपीबल्लभपुर-दो ब्लॉक के बेलियाबेड़ा थाना क्षेत्र के कानपुर में एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कई घरों से टकरा गया। इस दुर्घटना में डंपर मालिक की मौत हो गई। हादसे में कई घरों को नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार सुबह अचानक तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर पता चला कि एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कई कच्चे और पक्के घरों से टकरा गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई घरों के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर बेलियाबेड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में डंपर मालिक की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्गापूजा के उत्सव के बीच हुई इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है। डंपर अनियंत्रित कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता