home page

जालसाजी के आरोप में अस्पताल कर्मी समेत दो गिरफ्तार

 | 

सिलीगुड़ी, 21 सितंबर (हि. स.)। सरकारी जमीन को लीज पर दिलाने के नाम पर जिलाधिकारी और भूमि एवं भू-राजस्व अधिकारी के कथित जाली हस्ताक्षर वाले दस्तावेज तैयार करने के आरोप में नक्सलबाड़ी अस्पताल के एक ग्रुप-सी कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार अस्पताल कर्मी की पहचान गौतम दत्त के रूप में हुई है, जबकि उसके सहयोगी शुभम घोष को भी गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को दोनों आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

आरोप है कि बागडोगरा के एक व्यवसायी को सरकारी जमीन लीज पर दिलाने का भरोसा देकर गौतम ने कथित तौर पर जाली प्रक्रिया के जरिए दस्तावेज तैयार किए और इसके एवज में कुल 17 लाख रुपये लिए।

बताया जा रहा है कि दस्तावेज मिलने के बाद व्यवसायी जब जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा तो मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद नक्सलबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तड़के नक्सलबाड़ी अस्पताल के कर्मचारी गौतम दत्त और उसके सहयोगी शुभम घोष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार