home page

जगद्धात्री पूजा की महा सप्तमी पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दीं शुभकामनाएं

 | 
जगद्धात्री पूजा की महा सप्तमी पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दीं शुभकामनाएं


कोलकाता, 16 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार सुबह श्रीश्री जगद्धात्री पूजा की महा सप्तमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर संदेश साझा कर मां जगद्धात्री से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आनंद की कामना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि श्रीश्री जगद्धात्री पूजा की महा सप्तमी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं। मां जगद्धात्री के आशीर्वाद से सभी का जीवन सुख, शांति, समृद्धि और आनंद से परिपूर्ण हो। उन्होंने संदेश का समापन 'जय मां जगद्धात्री' के उद्घोष के साथ किया।

उल्लेखनीय है कि जगद्धात्री पूजा बंगाल की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखती है। इसके ऐतिहासिक उल्लेख 14वीं-15वीं शताब्दी के स्मार्त विद्वान शूलपाणि के 'कालविवेक' ग्रंथ में मिलते हैं। हालांकि इस पूजा को व्यापक लोकप्रियता 18वीं शताब्दी में मिली। नदिया के महाराजा कृष्णचंद्र राय और चंदननगर के इंद्रनारायण चौधरी का इसके प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।

हुगली जिले का चंदननगर और नदिया का कृष्णनगर आज भी जगद्धात्री पूजा के प्रमुख केंद्र हैं। चंदननगर अपनी विशाल प्रतिमाओं और आकर्षक विद्युत सज्जा के लिए प्रसिद्ध है। जयरामबाटी में मां शारदा देवी से जुड़ी जगद्धात्री पूजा की परंपरा भी विशेष धार्मिक महत्व रखती है।ब

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता