home page

जंगलमहल में बांधना पर्व की धूम, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी जोहार की शुभकामनाएं

 | 
जंगलमहल में बांधना पर्व की धूम, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी जोहार की शुभकामनाएं


झाड़ग्राम, 9 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के जंगलमहल से लेकर झारखंड और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों तक लोकसंस्कृति, कृषि परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बांधना पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों के ग्रामीण इलाकों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी एक्स पर संदेश साझा कर सभी जनजातीय एवं मूलवासी समुदायों को बांधना पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, ''बांदना परब के अवसर पर सभी जनजातीय एवं मूलवासी भाइयों-बहनों को जोहार।''

बांधना पर्व को जंगलमहल की सदियों पुरानी लोकविरासत और कृषि आधारित ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण उत्सव माना जाता है। झारखंड और पश्चिम बंगाल के अलावा ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी विभिन्न समुदायों के लोग इसे पारंपरिक उत्साह के साथ मनाते हैं। कुड़मी, बाउरी, राजवार, संथाल, नापित, कुइरी, बागाल, कुम्हार, गोआला, भूमिज, लोधा, बागदी और मुंडा सहित विभिन्न समुदायों के बीच इस पर्व की विशेष सांस्कृतिक पहचान है।

पारंपरिक रूप से कार्तिक महीने में दीपावली और कालीपूजा के समय इस पर्व का आयोजन होता है। हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों में इसकी तिथियों तथा अनुष्ठानों में अंतर देखने को मिलता है। कई स्थानों पर यह उत्सव कई दिनों तक चलता है। पर्व के दौरान गाए जाने वाले पारंपरिक लोकगीतों को अहिरा गीत कहा जाता है। धामसा-मादल और ढाक-ढोल की थाप पर लोकगीत एवं नृत्य ग्रामीण जनजीवन में उत्सव का रंग भर देते हैं।

बांधना पर्व का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष पशुधन के प्रति सम्मान और कृतज्ञता है। खेती-किसानी में साल भर किसानों का साथ देने वाली गायों, बैलों और अन्य पालतू पशुओं को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया और पूजा जाता है। ग्रामीण घरों की साफ-सफाई करते हैं तथा गोशालाओं को सजाते हैं। घरों की दीवारों और आंगनों में चावल के आटे एवं प्राकृतिक रंगों से पारंपरिक अल्पना बनाई जाती है। पशुओं को स्नान कराने के बाद उनके सींगों पर तेल लगाया जाता है, माथे पर सिंदूर और हल्दी लगाई जाती है तथा गले में फूलों की माला पहनाई जाती है।

पर्व के विभिन्न चरणों में गोहाल पूजा, चोकपुरा, गरहया पूजा और गोरु खूंटान जैसी परंपराएं भी निभाई जाती हैं। कहीं पशुओं को विशेष रूप से सजाकर पूजा की जाती है तो कहीं पारंपरिक गीतों के माध्यम से उनके प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में सामूहिक रूप से लोकगीत गाते और नृत्य करते हैं। झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी सहित जंगलमहल के विभिन्न गांवों में भी इन परंपराओं का विशेष उत्साह देखने को मिलता है।

जंगलमहल निवासी प्रोफेसर अनुराग शीत ने बताया सांस्कृतिक दृष्टि से बांधना पर्व केवल पशुओं की पूजा तक सीमित नहीं है। यह मनुष्य और प्रकृति के बीच सह-अस्तित्व, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था तथा जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देता है। खेती में पशुओं के योगदान को स्वीकार करना और उनके प्रति सम्मान प्रकट करना इस उत्सव का मूल भाव है।

आधुनिक जीवनशैली और तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश के बावजूद बांधना पर्व की परंपरा आज भी ग्रामीण समाज में जीवित है। यह उत्सव नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, लोकभाषा, पारंपरिक संगीत और सामुदायिक जीवन से जोड़ने का माध्यम भी बन रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता