चोरबागान हादसे के मृतक विकास भट्टाचार्य के परिजनों को मुख्यमंत्री ने सौंपा 25 लाख का चेक
हावड़ा, 25 अक्टूबर (हि. स.)। चोरबागान हादसे में जान गंवाने वाले विकास भट्टाचार्य के परिजनों से मिलने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार रात करीब आठ बजे हावड़ा के सलकिया स्थित उनके घर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें 25 लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दो लाख रुपये की सहायता राशि का चेक बाद में दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चोरबागान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मिलने के क्रम में यह उनका 16वां दौरा है। रविवार को वह पूर्व मेदिनीपुर जिले के रामनगर में हादसे के एक अन्य मृतक के परिवार से मिलने जाएंगे। इसके बाद बिहार के मुजफ्फरपुर में हादसे में जान गंवाने वाले दो लोगों के परिजनों को सहायता राशि का चेक देने के लिए मंत्री उमेश राय को भेजेंगे। मुख्यमंत्री दोनों परिवारों से वीडियो माध्यम से बातचीत भी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष दुर्गापूजा के दौरान राज्य में करीब 68 हजार पूजा आयोजनों के बीच केवल एक दुर्घटना हुई। हादसे के बाद भवानी भवन से सभी जिलों के जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो बैठक की गई थी। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन निर्देशों का पालन किए जाने के बाद राज्य में दूसरी ऐसी कोई दुर्घटना नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि चोरबागान हादसे की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंप देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 अक्टूबर को कालीपूजा, दीपावली और अन्य त्योहारों की तैयारियों को लेकर बैठक बुलाई गई है। इसमें पर्यावरण विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे। बैठक में त्योहारों के आयोजन और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने विकास भट्टाचार्य के भतीजे अमिताभ भट्टाचार्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया। साथ ही जिलाधिकारी पी. दीपाप प्रिया को निर्देश दिया कि परिवार को आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

