home page

चूंचुड़ा : कपासडांगा में चोरों ने उड़ाए लाखों के आभूषण और नकदी

 | 

हुगली, 30 अगस्त (हि. स.)। चूंचुड़ा के कपासडांगा इलाके में एक घर में चोरी की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। चूंचुड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर आठ अंतर्गत नेपाल चौधरी मैदान इलाके में हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, राखी पूर्णिमा के अवसर पर लंबे समय से इलाके में रहने वाली गीता डोम घर में ताला लगाकर अपने मायके गई थीं। आरोप है कि घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

रविवार सुबह गीता देवी की ननद ने फोन कर उन्हें बताया कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। खबर मिलते ही गीता देवी अपने परिवार के सदस्यों के साथ आनन-फानन में घर लौटीं। अंदर जाकर उन्होंने देखा कि अलमारी से लाखों रुपये के आभूषण और करीब चार हजार रुपये नकद गायब हैं। घर के विभिन्न हिस्सों में आभूषणों के खाली डिब्बे बिखरे पड़े थे।

गीता देवी का आरोप है कि घर के सामने वाले आंगन की तरफ एक खिड़की नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ा और घर में घुसकर चोरी की। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने पुलिस से जल्द जांच कर चोरों की पहचान करने, उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी हुए आभूषण बरामद करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले भी इलाके के एक अन्य घर में चोरी हुई थी। उस घटना में सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा गया था, लेकिन अब तक उनकी पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस से इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

मामले पर चूंचुड़ा के विधायक ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि का समर्थन नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय