चुनाव 26 : श्रीरामपुर में तृणमूल के पांच उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, एसआईआर के बाद मतदाताओं के नाम कटने पर उठाए सवाल
हुगली, 06 अप्रैल (हि. स.)। जिले के श्रीरामपुर एसडीओ के कार्यालय में तृणमूल कांग्रेस के पांच उम्मीदवारों ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के नाम काटे जाने पर सवाल खड़े किए।
नामांकन दाखिल करने श्रीरामपुर पहुंचे जंगीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने कहा कि 1950 के लोक कानून के अनुसार मतदाता सूची से किसी मतदाता का नाम हटाने से पहले चुनाव आयोग को बहुत सतर्क रहना पड़ता है। लेकिन एसआईआर प्रक्रिया में इसे नहीं माना गया। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत योजनाबद्ध तरीके से बड़ी संख्या में महिला और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
नामांकन जमा करने पहुंचे चांपदानी विधानसभा केंद्र के उम्मीदवार ने अरिंदम गुईन ने आरोप लगाया कि राजनीतिक उद्देश्य से ऐसे अनेकों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए है जो यहीं जन्मे है और पहले कई बार मतदान प्रक्रिया में शामिल रह चुके हैं। लोगों को नागरिकता पर सवाल खड़ा किया जा रहा है। वहीं, चंडीतला विधानसभा केंद्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार स्वाती खांडेकर ने भाजपा और चुनाव आयोग पर साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस गर्मी में जिस तरह गर्भवती महिलाओं और आम लोगों को परेशान किया गया है, उसका जवाब जनता ईवीएम में देगी।
उत्तरपाड़ा से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार शीर्षन्य बनर्जी ने कहा कि मतदाता सूची से जो नाम हटाए गए है उसको लेकर वे ट्रिब्यूनल में जाने की बात सोच रहे हैं। मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम कटने के बावजूद तृणमूल कांग्रेस भारी अंतर से जीतेगी। चुनाव आयोग ने जिस प्रकार लोगों को परेशान किया है उसका जवाब जनता चुनाव में देगी। वहीं, श्रीरामपुर विधानसभा केंद्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार तन्मय घोष ने आरोप लगाया कि मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। लेकिन भाजपा की यह कोशिश सफल नहीं होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

