चुनाव 26 : भाजपा उम्मीदवार दीपांजन चक्रवर्ती के शपथपत्र में 1.8 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा
हुगली, 09 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के बीच दीपांजन चक्रवर्ती ने उत्तरपाड़ा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के साथ दाखिल शपथपत्र में उनकी आय, संपत्ति और अन्य विवरण सामने आए हैं।
शपथपत्र के अनुसार, लगभग 60 वर्षीय चक्रवर्ती एक सेवानिवृत्त केंद्र सरकारी कर्मचारी हैं, जिनकी आय का मुख्य स्रोत पेंशन और ब्याज है। उन्होंने पिछले पांच वर्षों में आयकर रिटर्न में अपनी आय का नियमित विवरण दिया है, जिसमें वर्ष 2024-25 में उनकी आय 34 लाख रुपये से अधिक दर्ज की गई है।
संपत्ति के विवरण में चक्रवर्ती ने अपनी कुल चल संपत्ति करीब 26.38 लाख रुपये बताई है, जबकि उनकी पत्नी रूपाक्षी रामचंद्र देसाई के नाम पर 1.34 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति दर्ज है। इसमें बैंक जमा, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा और आभूषण शामिल हैं। दंपति के पास दो चारपहिया वाहन भी हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये है।
अचल संपत्ति के रूप में चक्रवर्ती के पास नदिया जिले के कल्याणी में एक आवासीय मकान है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 55 लाख रुपये बताया गया है। यह संपत्ति उन्हें विरासत में प्राप्त हुई है। कृषि या व्यावसायिक संपत्ति उनके नाम पर नहीं है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि चक्रवर्ती के खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही किसी मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया है। इसके अलावा उन पर किसी प्रकार का बैंक ऋण, सरकारी देनदारी या आयकर बकाया भी नहीं है।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर चक्रवर्ती ने कल्याणी विश्वविद्यालय से बी. कॉम की डिग्री हासिल की है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, साफ-सुथरी छवि और बिना किसी आपराधिक रिकॉर्ड के साथ चुनाव मैदान में उतरे चक्रवर्ती ने उत्तरपाड़ा सीट पर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

