home page

चुनाव 26 : पुरशुरा में भाजपा उम्मीदवार के प्रचार में बाधा का आरोप, इलाके में तनाव

 | 
चुनाव 26 : पुरशुरा में भाजपा उम्मीदवार के प्रचार में बाधा का आरोप, इलाके में तनाव


हुगली, 10 अप्रैल (हि. स.)। जिले के पुरशुरा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार विमान घोष के प्रचार के दौरान बाधा डालने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। इस घटना को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पुरशुरा विधानसभा के केलपाड़ा पंचायत क्षेत्र में विमान घोष चुनाव प्रचार कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान स्थानीय पंचायत के तृणमूल उपप्रधान श्रीकांत मलिक अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर उनके प्रचार में बाधा डालने की कोशिश की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। सूचना पाकर पुरशुरा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

घटना को लेकर भाजपा की ओर से पुरशुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा का आरोप है कि प्रचार के दौरान उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया, मारपीट की गई और महिला कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उनके कपड़े फाड़े गए।

हालांकि, इन आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय