चुनाव 26 : टोटो और पैदल दूरदराज गांवों में प्रचार, नतिबपुर में शंखध्वनि से भाजपा प्रत्याशी सुषांत घोष का स्वागत
हुगली, 07 अप्रैल (हि. स.)। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे उम्मीदवारों का प्रचार अभियान तेज होता जा रहा है। आरामबाग के खानाकुल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुषांत घोष जनसंपर्क को लेकर पूरी ताकत झोंकते नजर आ रहे हैं। वह कभी टोटो पर सवार होकर तो कभी पैदल चलकर दूरदराज गांवों में पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं।
मंगलवार को सुषांत घोष ने खानाकुल के नतिबपुर-एक पंचायत क्षेत्र में प्रचार किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने शंखध्वनि और मिठाई खिलाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
गौरतलब है कि नतिबपुर-1 पंचायत क्षेत्र लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस के प्रभाव वाला इलाका रहा है। ऐसे क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार का सक्रिय प्रचार चर्चा का विषय बना हुआ है। खासकर महिलाओं के बीच उनकी लोकप्रियता भी देखने को मिली।
प्रचार के दौरान सुषांत घोष को क्षेत्र के तृणमूल नेताओं के साथ भी सौजन्य मुलाकात करते देखा गया, जो स्थानीय स्तर पर राजनीतिक शिष्टाचार का संकेत माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में इसी क्षेत्र से सुषांत घोष विधायक चुने गए थे। वहीं, हाल ही में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने तृणमूल उम्मीदवार पलाश रॉय के समर्थन में यहां प्रचार किया था।
आगामी चुनाव में अपनी जीत बरकरार रखने को लेकर सुषांत घोष ने पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि जनता का समर्थन उन्हें पहले की तरह इस बार भी मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

