home page

चुनाव 26 : चंदननगर में तृणमूल उम्मीदवार इंद्रनील सेन की नामांकन रैली में उमड़ा जनसैलाब

 | 
चुनाव 26 : चंदननगर में तृणमूल उम्मीदवार इंद्रनील सेन की नामांकन रैली में उमड़ा जनसैलाब


हुगली, 06 अप्रैल (हि. स.)। चंदननगर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार इंद्रनील सेन ने सोमवार को विशाल शक्ति प्रदर्शन के बीच अपना नामांकन दाखिल किया। हजारों लोगों की मौजूदगी में निकली करीब छह किलोमीटर लंबी रैली ने इलाके में चुनावी माहौल को गरमा दिया।

लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैली का आयोजन दोपहर करीब 12 बजे किया गया। तेज गर्मी और धूप के बावजूद हजारों लोग इसमें शामिल हुए। रैली की शुरुआत मानकुंडु सर्कस मैदान से हुई, जिसमें चंदननगर नगर निगम के 33 वार्डों के लोग शामिल हुए। नीले-सफेद गुब्बारे, पार्टी के झंडे, नारे, झांकियां और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बैनर रैली का हिस्सा बने।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस जनसमर्थन ने चंदननगर में संभावित चुनावी नतीजों का संकेत दे दिया है और यहां तृणमूल की बढ़त और मजबूत होने वाली है।

रैली सुव्यवस्थित तरीके से ज्योति मोड़ होते हुए एसडीओ कार्यालय की ओर बढ़ी। इसमें मेयर राम चक्रवर्ती, डिप्टी मेयर मुन्ना अग्रवाल सहित सभी पार्षद मौजूद रहे।

दूसरी ओर, भद्रेश्वर से भी इसी तरह एक रैली निकाली गई, जिसमें 22 वार्डों के लोग शामिल हुए। इस रैली में चेयरमैन प्रलय चक्रबर्ती और सीआईसी प्रकाश गोस्वामी समेत कई पार्षद शामिल हुए। दोनों रैलियां ज्योति मोड़ पर आकर मिलीं, जहां उम्मीदवार इंद्रनील सेन भी शामिल हुए और कार्यकर्ताओं के साथ पैदल चलते हुए नामांकन दाखिल करने पहुंचे।

इस मौके पर इंद्रनील सेन ने दावा किया कि उनके क्षेत्र में कोई प्रभावी विपक्ष नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष मौजूद होता तो दीवारों पर लिखावट या बैनर-पोस्टर जरूर दिखाई देते, लेकिन पूरे शहर में ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा। उन्होंने यह भी कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद हजारों लोगों की भागीदारी ने चुनाव परिणाम का संकेत दे दिया है।

उन्होंने दावा किया कि चंदननगर में उनकी जीत का अंतर इस बार 50 हजार से ज्यादा होगा और राज्य में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस चौथी बार सरकार बनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय